Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

केदारनाथ पैदल मार्ग पर शॉर्टकट पड़ा भारी, नदी के दूसरी ओर फंसे चार यात्रियों का देर रात रेस्क्यू

केदारनाथ पैदल मार्ग पर शॉर्टकट पड़ा भारी, नदी के दूसरी ओर फंसे चार यात्रियों का देर रात रेस्क्यू

उत्तराखंड के केदारनाथ यात्रा मार्ग से एक राहत भरी खबर सामने आई है। यहां शॉर्टकट लेने के चक्कर में रास्ता भटककर नदी के दूसरी ओर फंसे चार यात्रियों को देर रात सुरक्षित बचा लिया गया।

जानकारी के अनुसार चार युवक यात्री केदारनाथ पैदल मार्ग छोड़कर शॉर्टकट रास्ते से आगे बढ़ गए। इसी दौरान वे रास्ता भटक गए और नदी के दूसरे किनारे फंस गए। स्थिति गंभीर होने पर इसकी सूचना प्रशासन को दी गई।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, वाईएमएफ और आपदा मित्रों की संयुक्त टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। रेस्क्यू टीम ने मोबाइल फोन के जरिए यात्रियों से संपर्क स्थापित किया और उनकी सटीक लोकेशन प्राप्त की।

काफी मशक्कत के बाद टीम ने चारों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

रेस्क्यू किए गए यात्रियों में साहिल कुमार (20), सुजीत कुमार (18) और हिमांशु (24) निवासी वैशाली, बिहार तथा रूपेश (17) निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश शामिल हैं।

रात अधिक होने और आगे का रास्ता जोखिमपूर्ण होने के कारण सभी यात्रियों को लिनचोली में सुरक्षित रात्रि विश्राम कराया गया।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान निर्धारित पैदल मार्ग का ही उपयोग करें और किसी भी प्रकार के शॉर्टकट लेने से बचें, क्योंकि पहाड़ी क्षेत्रों में ऐसे रास्ते जानलेवा साबित हो सकते हैं।