कर्णप्रयाग में बवाल: हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में झड़प, कई घायल
कर्णप्रयाग, चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग में मंगलवार सुबह उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब हेमकुंड साहिब से लौट रहे सिख समुदाय के कुछ लोगों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि एक होटल स्वामी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, कर्णप्रयाग बाजार क्षेत्र में किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल हुआ, जिससे कई लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि घटना के विरोध में स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ गया। लोगों ने पुलिस चौकी परिसर और बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। इसके अलावा पंचपुलिया क्षेत्र में भी प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। एहतियात के तौर पर गौचर में हेमकुंड साहिब और बदरीनाथ यात्रा से जुड़े वाहनों की आवाजाही को फिलहाल रोक दिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
फिलहाल कर्णप्रयाग और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है तथा प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है।

More Stories
रुद्रप्रयाग में गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी की डेडलाइन बढ़ी, अब 23 अगस्त तक करा सकेंगे सत्यापन
बादशाहपुर में पागल कुत्ते का आतंक! 3 दिन में 10 लोगों पर हमला, बुजुर्ग महिला की हालत नाजुक
मसूरी में भारी बारिश का कहर! देखते ही देखते भरभराकर गिरा बहुमंजिला भवन, 5 लोगों ने भागकर बचाई जान