Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

पंतनगर में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, डेढ़ साल की बेटी को छोड़ गई मां

पंतनगर में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, डेढ़ साल की बेटी को छोड़ गई मां

पंतनगर: ऊधमसिंह नगर जिले के पंतनगर स्थित नगला क्षेत्र में मंगलवार रात एक विवाहिता का शव घर के स्टोर रूम में फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार बिहार की मूल निवासी 27 वर्षीय काजल पत्नी पवन कुमार अपने परिवार के साथ नगला क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी। उसके पति पवन कुमार पंतनगर विश्वविद्यालय के सामान्य खंड में संविदा पर जूनियर इंजीनियर (जेई) के पद पर कार्यरत हैं।

बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच पवन कुमार अपने माता-पिता के साथ बाहर गए हुए थे। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद थे। कुछ समय बाद जब परिजनों ने काजल को आवाज लगाई तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। तलाश करने पर स्टोर रूम का दरवाजा बंद मिला।

दरवाजा खोलने पर परिजनों के होश उड़ गए। काजल लाल रंग की रस्सी के सहारे एग्जॉस्ट फैन से लटकी हुई मिली। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। साक्ष्य जुटाने के लिए स्टोर रूम को सील कर दिया गया ।

काजल को तुरंत जिला अस्पताल रुद्रपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि काजल की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उसकी डेढ़ साल की एक बेटी भी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस कर रही सभी पहलुओं से जांच

थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घरेलू कलह समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।