Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

मसूरी में दर्दनाक हादसा: व्यू प्वाइंट से नीचे गिरा 20 वर्षीय युवक, अस्पताल में मौत

मसूरी में दर्दनाक हादसा: व्यू प्वाइंट से नीचे गिरा 20 वर्षीय युवक, अस्पताल में मौत

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया। लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट से एक युवक अचानक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि मृतक की पहचान शिवम (20), पुत्र अजय, निवासी नई दिल्ली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवम मसूरी घूमने के लिए आया हुआ था।

घटना शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे की है। शिवम लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट पर मौजूद था। इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल मसूरी ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के चलते उसे बचाया नहीं जा सका।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। हादसे के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।