पोखरी में भालू का खौफनाक हमला: घास लेने जंगल गई दो महिलाओं पर झपटा भालू, एक की मौत; दूसरी गंभीर
चमोली/पोखरी। विकासखंड पोखरी की नैल ग्राम पंचायत के सिदेली गांव में शुक्रवार सुबह भालू के हमले से सनसनी फैल गई। गांव से कुछ दूरी पर स्थित बोगा जंगल में घास लेने गई दो महिलाओं पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले के दौरान बचने की कोशिश में दोनों महिलाएं चट्टान से नीचे गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है।
सिदेली गांव निवासी चंद्रशेखर के अनुसार, उनकी पत्नी विमला देवी (55) और गांव की ही लक्ष्मी देवी (42), पत्नी गजेंद्र नेगी, शुक्रवार सुबह घास लेने जंगल गई थीं। दोनों महिलाएं जंगल में घास काट रही थीं, तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू से बचने के प्रयास में दोनों महिलाएं चट्टान से नीचे गिर गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायल महिलाओं को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद विमला देवी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी।
वहीं, गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी देवी को प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर घायल महिला को हायर सेंटर ले जाने के लिए हेलिकॉप्टर की व्यवस्था की गई थी, लेकिन खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद महिला को एंबुलेंस के जरिए हायर सेंटर भेजा गया।
सीएचसी पोखरी के चिकित्सक डॉ. सनी चौधरी और डॉ. मोहिनी ने बताया कि विमला देवी की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि लक्ष्मी देवी भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
विमला देवी के शव के पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग से डॉक्टरों की टीम सीएचसी पोखरी पहुंच रही है। घटना की सूचना मिलते ही केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं सहित वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची।
रेंजर कपिल गुसाईं ने बताया कि वन विभाग के कुछ कर्मचारियों को घायल महिला के साथ हायर सेंटर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा और क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ाई जाएगी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभागीय वनाधिकारी रजत सुमन और एसडीओ मोहन सिंह नेगी भी पोखरी पहुंच रहे हैं। घटना के बाद सिदेली गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जंगल जाने वाले ग्रामीणों में भी अब भालू के आतंक को लेकर डर बढ़ गया है।

More Stories
मसूरी में दर्दनाक हादसा: व्यू प्वाइंट से नीचे गिरा 20 वर्षीय युवक, अस्पताल में मौत
देहरादून में बरसाती बहाव का कहर! पानी में बही कार, दो की मौत, युवती घायल
ऋषिकेश में मूसलाधार बारिश से गंगा उफान पर, चेतावनी रेखा के बेहद करीब पहुंचा जलस्तर