Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

कैंची धाम में 2 किलोमीटर लंबा जाम, आज वीआईपी मूवमेंट के चलते लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान

कैंची धाम में 2 किलोमीटर लंबा जाम, आज वीआईपी मूवमेंट के चलते लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान

नैनीताल। उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार को भारी ट्रैफिक जाम ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की परेशानी बढ़ा दी। कैंची धाम क्षेत्र में करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को घंटों सड़क पर फंसे रहना पड़ा। सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग को जाम का मुख्य कारण माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार भवाली में सुबह 11 बजे से दोपहर करीब 2 बजे तक यातायात प्रभावित रहा। वहीं भीमताल में भी सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवन तिवारी ने कहा कि कैंची धाम में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

उधर, पर्यटन सीजन के चलते नैनीताल में भी पर्यटकों की भारी आमद बनी हुई है। दिनभर यातायात सामान्य रहने के बाद शाम करीब पांच बजे से पर्यटकों की वापसी शुरू होते ही नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग, भवाली रोड और अपर मॉल रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। देखते ही देखते कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया और यातायात धीमी गति से चलने लगा।

इस बीच भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जड़मिला के पास दो वाहनों की टक्कर होने से भी कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। हालांकि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाया और यातायात बहाल कराया।

आज वीआईपी मूवमेंट के चलते विशेष ट्रैफिक व्यवस्था

शुक्रवार को कैंची धाम, रातीघाट और भवाली क्षेत्र में वीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है।

प्रशासन के अनुसार वीआईपी फ्लीट के जिले की सीमा में प्रवेश करने से पहले अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से आने वाले वाहनों को क्रमशः क्वारब पुल और खैरना पुल पर अस्थायी रूप से रोका जाएगा। वहीं हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन भीमताल मार्ग से संचालित किए जाएंगे।

बाहरी राज्यों और जनपदों से कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग, भीमताल में पार्क कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालु शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचेंगे। इसी प्रकार भवाली मार्ग से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा, जहां से आगे शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।