पानी भरने गई महिला पर बाघ का हमला, ग्रामीणों ने शोर मचाकर बचाई जान
रामनगर: रामनगर के ग्राम चौपड़ा में मंगलवार दोपहर एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। महिला पानी भरने के लिए घर के पीछे बनी टंकी पर गई थी, तभी झाड़ियों में छिपे बाघ ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद बाघ जंगल की ओर भाग गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम चौपड़ा निवासी 42 वर्षीय उमा देवी पत्नी भुवन चंद अन्य तीन महिलाओं के साथ घर से करीब 20 मीटर दूर स्थित पानी की टंकी से पानी भरने गई थीं। इसी दौरान बाघ ने पीछे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
घटना के बाद परिजन उमा देवी को तुरंत रामनगर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। महिला के गले, चेहरे और कमर पर चोटों के निशान पाए गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के बाद गांव में दहशत माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सक्रिय बाघ को पकड़ने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
सूचना मिलने पर वन विभाग के एसडीओ अंकित बडोला अस्पताल पहुंचे और घायल महिला का हालचाल जाना। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है। वहीं वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने में जुट गई है।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने