Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

Screenshot

मसूरी में भारी बारिश का कहर! कई जगह भूस्खलन, 14 लोग सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट

मसूरी में भारी बारिश का कहर! कई जगह भूस्खलन, 14 लोग सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट

मसूरी में शनिवार देर रात से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते मसूरी-दून मार्ग पर कई जगह भूस्खलन हुआ है, जिससे पहाड़ से मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर आ गए। इसके कारण यातायात प्रभावित हुआ और कई बार जाम की स्थिति भी बनी रही।

मसूरी-दून मार्ग के किलोमीटर 21, 23 और 24 पर भूस्खलन के कारण सड़क पर मलबा आने से आवाजाही बाधित रही। हालात को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने मलबा हटाने के लिए दो जेसीबी मशीनें मौके पर तैनात की हैं और विभागीय टीम लगातार मार्ग की निगरानी कर रही है।

वहीं पानीवाला बैंड के पास हालात और भी चिंताजनक बने हुए हैं। आवासीय भवनों के नीचे पहाड़ लगातार दरक रहा है, जिससे करीब 14 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। यहां मकानों के साथ होटल और रेस्टोरेंट भी खतरे की जद में आ गए हैं।

स्थानीय निवासी दीपक रावत ने बताया कि उनके घर और रेस्टोरेंट के नीचे पहाड़ लगातार खिसक रहा है। चार परिवारों के लिए खतरा बना हुआ है और उनके परिवार के चार सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर बारिश इसी तरह जारी रही तो उन्हें भी घर और रेस्टोरेंट छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाना पड़ सकता है।

वहीं वीरेन्द्र सिंह रावत के घर को भी तेज पानी और भूस्खलन से नुकसान पहुंचा है। उनका शौचालय क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि एक कमरे की दीवार में दरारें आ गई हैं। भूस्खलन के कारण टीन शेड भी झुक गया है। परिवार के सात सदस्य और रिश्तेदारों के तीन सदस्य सुरक्षित स्थान पर भेजे गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर नाले का जल्द उपचार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आसपास के आबादी क्षेत्र के साथ मसूरी-दून मार्ग को भी बड़ा नुकसान हो सकता है।

लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता प्रदीप सिंह शाही ने बताया कि मसूरी-दून मार्ग पर तीन स्थानों पर मलबा आया है। मलबा हटाने के लिए दो जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं और मार्ग को सुचारु बनाए रखने के लिए विभागीय टीम लगातार निगरानी कर रही है।

लगातार बारिश और भूस्खलन ने मसूरी में खतरे की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन और विभागीय टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं।