Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

रक्षाबंधन पर टूटा बहन-भाई का रिश्ता, खस्ताहाल सड़क ने ली अनामिका की जान

रक्षाबंधन पर टूटा बहन-भाई का रिश्ता, खस्ताहाल सड़क ने ली अनामिका की जान

कोटद्वार में खस्ताहाल सड़क ने रक्षाबंधन के दिन एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। सगे भाई को राखी बांधने के बाद फुफेरे भाई को राखी बांधने जा रही 34 वर्षीय अनामिका नैथानी की बाइक से गिरने के बाद मौत हो गई। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

शुक्रवार को रक्षाबंधन के मौके पर भाबर के किशनपुर स्थित अपनी ससुराल से अनामिका नैथानी पत्नी अंकुर नैथानी अपने मायके, बिजनौर जिले के तल्ला मोटाढाक गांव पहुंची थीं। यहां उन्होंने अपने भाई अनुराग दुदपुड़ी को राखी बांधी। इसके बाद वह अपने भाई के साथ बाइक पर सवार होकर कोटद्वार के जौनपुर निवासी अपने फुफेरे भाई जगदम्बा को राखी बांधने के लिए निकल पड़ीं।

दोनों बीईएल मुख्य मार्ग से बलभद्रपुर होते हुए जौनपुर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे के कारण बाइक असंतुलित हो गई और अनामिका उछलकर सड़क पर जा गिरीं। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई।

भाई तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन उपचार के दौरान अनामिका ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और परिवार में चीख-पुकार मच गई।

अनामिका बिजनौर जिले की तहसील नजीबाबाद की ग्राम पंचायत मोटाढाक के पूर्व प्रधान मनमोहन दुदपुड़ी और अनीता दुदपुड़ी की बेटी थीं।

परिजनों ने पुलिस से घटना में कोई कार्रवाई नहीं करने की अपील करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया।

वहीं, मोटाढाक के ग्राम प्रधान सागर बडोला ने क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर रोष जताया और हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। रक्षाबंधन के दिन हुई इस दर्दनाक घटना ने सड़क व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।