बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामला: जांच पूरी, जल्द सौंपेगी रिपोर्ट चार सदस्यीय समिति
बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी मामले में अब जांच अंतिम चरण में पहुंच गई है। बीकेटीसी (बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति) द्वारा गठित चार सदस्यीय जांच समिति ने अपनी जांच पूरी कर ली है और जल्द ही अपनी रिपोर्ट मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) को सौंपेगी।
यह मामला तब सामने आया जब भैरव सेना के केंद्रीय अध्यक्ष संदीप खत्री ने बीकेटीसी के एक कर्मचारी पर बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बीकेटीसी ने तत्काल चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर बीकेटीसी ने प्रमोद नौटियाल को गणना ड्यूटी और प्रोटोकॉल की जिम्मेदारियों से हटा दिया था। इसके बाद जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की गई, जिसके आधार पर उन्हें निलंबित भी कर दिया गया।
जांच समिति ने करीब एक सप्ताह तक बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की गणना प्रक्रिया, सीसीटीवी फुटेज, कर्मचारियों की तैनाती और अन्य सभी संबंधित पहलुओं की गहन जांच की। शुक्रवार को समिति ने अपनी जांच पूरी कर ली।
बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने जांच पूरी होने की पुष्टि करते हुए कहा कि समिति की रिपोर्ट अभी उन्हें प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में किसकी जिम्मेदारी तय होती है और आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

More Stories
मसूरी से लौटते समय युवक गहरी खाई में गिरा, SDRF ने देर रात चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: हर्रावाला से 13 जुलाई को रवाना होगी विशेष ट्रेन, 720 श्रद्धालु करेंगे यात्रा
यमुनोत्री हाईवे पर बारिश का कहर! 100 मीटर सड़क बही, पहाड़ों से गिर रहे बोल्डर, यात्रा ठप