सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: हर्रावाला से 13 जुलाई को रवाना होगी विशेष ट्रेन, 720 श्रद्धालु करेंगे यात्रा
उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग ने ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए विशेष रेल यात्रा की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस यात्रा के लिए संस्कृति निदेशालय ने मुरादाबाद मंडल के मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
योजना के अनुसार, 13 जुलाई को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन रवाना होगी, जिसमें 720 श्रद्धालु सोमनाथ धाम की यात्रा करेंगे। इस संबंध में संस्कृति विभाग के निदेशक प्रदीप जोशी ने 8 जुलाई को मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजा है।
पत्र के अनुसार, उत्तर क्षेत्र आईआरसीटीसी, लखनऊ के अनुरोध पर संस्कृति विभाग ने ट्रेन के लिए 9 लाख रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट राशि अग्रिम रूप से जमा कर दी है, ताकि यात्रा संबंधी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा सकें।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा के दौरान सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात्रि भोजन, पीने का पानी, चाय-कॉफी, शीतल पेय, छाछ और पैक्ड नारियल पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा ट्रेन में आवश्यक स्टाफ, नामित अधिकारी, संपर्क व्यवस्था और हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर निर्धारित ठहराव सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
विशेष ट्रेन को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने की योजना है। इसके लिए स्टेशन पर मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत-सम्मान और ट्रेन की विशेष सजावट सहित सभी तैयारियां करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
संस्कृति विभाग का उद्देश्य इस विशेष यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए सोमनाथ धाम की धार्मिक यात्रा को यादगार और सुव्यवस्थित बनाना है।

More Stories
मसूरी से लौटते समय युवक गहरी खाई में गिरा, SDRF ने देर रात चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामला: जांच पूरी, जल्द सौंपेगी रिपोर्ट चार सदस्यीय समिति
यमुनोत्री हाईवे पर बारिश का कहर! 100 मीटर सड़क बही, पहाड़ों से गिर रहे बोल्डर, यात्रा ठप