यमुनोत्री हाईवे पर बारिश का कहर! 100 मीटर सड़क बही, पहाड़ों से गिर रहे बोल्डर, यात्रा ठप
उत्तराखंड की यमुनोत्री घाटी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात बेहद गंभीर कर दिए हैं। बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे स्थानीय लोगों और तीर्थ यात्रियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
गुरुवार शाम स्यानाचट्टी के पास तेज बारिश के कारण यमुनोत्री हाईवे का करीब 100 मीटर हिस्सा वॉशआउट हो गया। वहीं हनुमान चट्टी के समीप ऊंची पहाड़ियों से लगातार चट्टानी मलबा और बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर गिर रहे हैं। रुक-रुक कर हो रहे भूस्खलन के कारण मार्ग पूरी तरह असुरक्षित बना हुआ है।
लगातार बारिश की वजह से पहाड़ियों से मलबा और बोल्डर गिरने का सिलसिला थम नहीं रहा है। इससे सड़क बहाली का कार्य भी प्रभावित हो रहा है और यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।
प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं और हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं। हालांकि खराब मौसम राहत और बहाली कार्य में सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है।
राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि लगातार बारिश और पहाड़ियों से गिर रहे मलबे व पत्थरों के कारण हाईवे को सुचारू करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे ही मौसम अनुकूल होगा, सड़क बहाली का कार्य तेज गति से शुरू किया जाएगा।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सलाह का ही पालन करें।

More Stories
शिव मंदिर में चढ़ावे की चोरी से मचा हड़कंप! पुजारी को धमकी, मंदिर पर कब्जे की कोशिश का आरोप
केदारनाथ यात्रा पर हाई अलर्ट! भारी बारिश के खतरे के बीच प्रशासन सतर्क, संगम घाट से श्रद्धालुओं को हटाया
दान में मिली दो हाईटेक एंबुलेंस और टेंपो ट्रेवलर कहां हैं? बीकेटीसी की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल