Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

नैनीताल झील में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, लगातार दूसरे दिन शव मिलने से बढ़ी चिंता

नैनीताल झील में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, लगातार दूसरे दिन शव मिलने से बढ़ी चिंता

नैनीताल की प्रसिद्ध झील में शनिवार सुबह एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह शव नयना देवी मंदिर के समीप झील में उतराता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची तथा शव को झील से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 45 से 55 वर्ष के बीच बताई जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों के गुमशुदगी रिकॉर्ड के आधार पर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

गौरतलब है कि शुक्रवार को भी तल्लीताल क्षेत्र में झील से मल्लीताल निवासी 45 वर्षीय एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। लगातार दूसरे दिन झील से शव मिलने की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

कोतवाल राजेन्द्र रावत ने बताया कि शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की गुमशुदगी की जानकारी हो या मृतक की पहचान से संबंधित कोई सूचना हो, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।