देवप्रयाग में दर्दनाक सड़क हादसा: हेमकुंड साहिब जा रहे पंजाब के दो श्रद्धालु बाइक फिसलने से घायल
देवप्रयाग: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के समीप एनएचपीसी बैंड के पास गुरुवार को एक सड़क हादसे में पंजाब के दो श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक बाइक से हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे थे, तभी तीखे मोड़ पर उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बचेलीखाल चौकी से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों घायलों का रेस्क्यू कर प्राथमिक उपचार दिया और सरकारी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी, देवप्रयाग पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
कोतवाली प्रभारी प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि दुर्घटना एनएचपीसी बैंड के तीखे मोड़ पर हुई, जहां बाइक का संतुलन बिगड़ने से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान गुरु प्रताप सिंह (24) पुत्र गुरु दयाल सिंह, निवासी कोट बाबा दीप सिंह, बीटीसी, जिला जालंधर (पंजाब) तथा प्रिंस सिंह (20) पुत्र सतनाम सिंह, निवासी ग्राम सेमी, थाना नंबर-08, ट्रांसपोर्ट नगर, जालंधर (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। फिलहाल दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी में इलाज चल रहा है। पुलिस ने यात्रियों से पर्वतीय मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने और तीखे मोड़ों पर नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।

More Stories
उत्तराखंड में दस्तक देने को तैयार मानसून, अगले 3-4 दिनों में होगी एंट्री; कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
चमोली में मूसलाधार बारिश का कहर: स्कूल, बाजार और हाईवे पर मलबा, कई दुकानें व वाहन प्रभावित
देहरादून में निहंगों के प्रवेश की सूचना से हाई अलर्ट, अफवाहों के बीच दो घंटे तक तनावपूर्ण माहौल