ड्यूटी से घर लौट रहे युवक की नाले में गिरने से मौत, स्कूल कैंटीन कर्मचारी का मिला शव
देहरादून के माजरा क्षेत्र में सड़क किनारे बने नाले में गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार तड़के पुलिस ने नाले से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
मृतक की पहचान अमित सेमवाल (21) पुत्र रामेश्वर प्रसाद, निवासी माजरा, पटेलनगर के रूप में हुई है। अमित सेंट जूड स्कूल की कैंटीन में कार्यरत था। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वह पैदल अपने घर के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा।
रात करीब 12:45 बजे माजरा क्षेत्र में सड़क किनारे बने नाले में एक युवक के फंसे होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, अमित का पैर फिसलने से वह नाले में गिर गया। आशंका है कि डूबने या तेज बहाव की चपेट में आने से उसकी मौत हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

More Stories
हरिद्वार में बड़ा हादसा: गंगनहर में डूबे चार कांवड़िये किशोर, सभी की मौत
युवतियों से छेड़छाड़ का आरोप: ग्रामीणों ने दो युवकों का मुंह काला कर लगाया बिच्छू, पुलिस ने लिया हिरासत में
शिक्षिका सृष्टि कंडारी मौत मामला: दहेज हत्या के आरोप में पति और ननद गिरफ्तार, जांच तेज