हरिद्वार में बड़ा हादसा: गंगनहर में डूबे चार कांवड़िये किशोर, सभी की मौत
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। हरिद्वार से गंगाजल लेकर चंडीगढ़ लौट रहे चार नाबालिग दोस्त गंगनहर में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गए। जल पुलिस और गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान शिवांशु (16), नितीश (16), रोहित (17) और भरत (16) के रूप में हुई है। चारों चंडीगढ़ के रहने वाले थे और 30 जुलाई की रात कांवड़ लेने हरिद्वार पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार तड़के गंगाजल लेकर लौटते समय जटवाड़ा पुल के पास वे अपने साथियों का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान गर्मी के कारण चारों गंगनहर में नहाने के लिए उतर गए। बताया गया कि नहर में सिल्ट जमा होने के कारण अधिकांश हिस्सों में पानी कम था, लेकिन बीच में गहरा पानी भरा हुआ था। चारों किशोर रेलिंग पार कर उसी हिस्से में पहुंचे और अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चारों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने