सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
हरिद्वार। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर की पैड़ी समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही लाखों श्रद्धालु पवित्र गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करने पहुंचे। “हर-हर गंगे” और “गंगा मैया की जय” के जयघोष से पूरा हरिद्वार भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
इस वर्ष सोमवती अमावस्या का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि यह पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन और संक्रांति के शुभ संयोग के साथ आई है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन गंगा स्नान, पूजा-अर्चना और दान-पुण्य करने से कई गुना अधिक पुण्य फल प्राप्त होता है तथा मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है।
हर की पैड़ी के अलावा नाई सोता घाट, सुभाष घाट, गऊघाट, कुशा घाट, बिरला घाट, अलकनंदा घाट, ओम पुल घाट, डाम कोठी घाट, कनखल क्षेत्र के विभिन्न घाटों और सप्तऋषि क्षेत्र में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद धार्मिक अनुष्ठान, पिंडदान और दान-पुण्य करते नजर आए।
श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। हर की पैड़ी और आसपास के सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस, पीएसी तथा केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान तैनात किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह सुबह से ही हर की पैड़ी क्षेत्र में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए हैं, जिससे स्नान और दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सोमवती अमावस्या के इस पावन अवसर पर हरिद्वार में आस्था, श्रद्धा और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में डुबकी लगाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।

More Stories
देहरादून के बैरागीवाला गांव में हिंसा के बाद तनाव, पानी के विवाद ने ली एक जान, कई घर जलकर राख
मसूरी के होम स्टे में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, कमरे में मिले खून के निशान, जांच में जुटी पुलिस
कैंची धाम स्थापना दिवस की तैयारियां पूरी, 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा नीब करौरी के दर्शन