Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

देहरादून के बैरागीवाला गांव में हिंसा के बाद तनाव, पानी के विवाद ने ली एक जान, कई घर जलकर राख

देहरादून के बैरागीवाला गांव में हिंसा के बाद तनाव, पानी के विवाद ने ली एक जान, कई घर जलकर राख

देहरादून। देहरादून जिले के सहसपुर क्षेत्र स्थित बैरागीवाला गांव में पानी लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। इस घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि बाद में भड़की हिंसा के दौरान कई मकानों को आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बैरागीवाला गांव में खेतों में पानी लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि इसमें विनोद कश्यप नामक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और रातभर पुलिस हालात को नियंत्रित करने में जुटी रही।

हालांकि, अगले दिन सुबह स्थिति और अधिक बिगड़ गई। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घरों को निशाना बनाते हुए उनमें आग लगा दी। देखते ही देखते कई मकान जलकर राख हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत और असुरक्षा का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि बैरागीवाला गांव की आबादी लगभग ढाई हजार है और यहां लंबे समय से विभिन्न समुदायों के लोग आपसी सौहार्द के साथ रहते आए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक और आरोपी पक्ष के बीच पुराना विवाद जरूर था, लेकिन गांव का सामाजिक ताना-बाना सामान्य रूप से मजबूत माना जाता था। इस घटना ने गांव की सामाजिक एकता को गहरा झटका पहुंचाया है।

हिंसा के बाद क्षेत्र में पुलिस, पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। गांव के समीप स्थित आम के बागों में भी सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल रखा है। हालात को देखते हुए वहां रहने वाले कई बागबानों और मजदूरों को भी क्षेत्र छोड़ना पड़ा।

प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल बैरागीवाला गांव में शांति बहाल करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन एक मामूली विवाद से शुरू हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।