Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

सीएम धामी ने फहराया तिरंगा, पुलिस अधिकारियों और खिलाड़ियों को किया सम्मानित

सीएम धामी ने फहराया तिरंगा, पुलिस अधिकारियों और खिलाड़ियों को किया सम्मानित

देहरादून। 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे देश में उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया जा रहा है। देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर ध्वजारोहण किया। इससे पहले मुख्यमंत्री सहित मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।

ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और मां भारती की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर बलिदानियों ने जिस सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देना होगा।

सीएम धामी ने जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों को देश के विकास की महत्वपूर्ण ताकत बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के समग्र, संतुलित और सतत विकास के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराने वाला महत्वपूर्ण दिन बताया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी और खिलाड़ी सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, राज्य का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को भी पदक देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित पुलिस अधिकारियों और खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।