Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

टीएचडीसी टनल हादसा: रेस्क्यू ऑपरेशन में एक और श्रमिक का शव बरामद, दो की तलाश जारी

टीएचडीसी टनल हादसा: रेस्क्यू ऑपरेशन में एक और श्रमिक का शव बरामद, दो की तलाश जारी

देहरादून। टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद लापता श्रमिकों की तलाश और बचाव अभियान लगातार जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान आज टनल से एक और श्रमिक का शव बरामद किया गया। वहीं, दो अन्य लापता श्रमिकों की तलाश अभी भी जारी है।

रेस्क्यू टीमें टनल के अंदर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। साथ ही टनल में जमा पानी को बाहर निकालने का काम भी तेजी से किया जा रहा है। पानी की निकासी के लिए सक्शन पंप समेत अन्य जरूरी उपकरणों की मदद ली जा रही है, ताकि रेस्क्यू टीमों की आवाजाही आसान हो सके और संभावित स्थानों तक पहुंचकर लापता श्रमिकों की तलाश की जा सके।

जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार मौके पर संसाधन और उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि हादसे के बाद बचाव और खोज अभियान लगातार जारी है। उनके अनुसार, टनल में फंसे 22 कर्मचारियों में से अधिकांश को रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि दो लोगों की तलाश अभी जारी है। प्रशासन की ओर से पहले सात लोगों की मौत की पुष्टि की गई थी और आज एक और शव बरामद हुआ है।

मुख्यमंत्री धामी ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए हैं। जांच में हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी निर्माण परियोजना में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। रेस्क्यू टीमें शेष लापता श्रमिकों तक पहुंचने के लिए पूरी तत्परता से अभियान चला रही हैं।
:::