Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

रामनगर में युवा कांग्रेस नेता पर हमला, कार तोड़ी और मारपीट कर किया घायल

रामनगर में युवा कांग्रेस नेता पर हमला, कार तोड़ी और मारपीट कर किया घायल

रामनगर से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है, जहां युवा कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी की कार को रोककर कुछ लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी कार को क्षतिग्रस्त किया और फिर गोपाल अधिकारी के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।

जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी गोपाल सिंह अधिकारी अपनी कार संख्या UK 06 AW 7879 से ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अपने कार्यालय से कोसी बैराज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनका पीछा किया और रास्ते में कार को रोक लिया।

आरोप है कि हमलावरों ने ईंट से कार का शीशा तोड़ दिया और पत्थर से गोपाल अधिकारी पर हमला किया। घटना के दौरान आसपास मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के दौरान फायरिंग किए जाने की भी चर्चा सामने आई है, हालांकि पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गोपाल अधिकारी को उपचार के लिए काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही फायरिंग की बात भी जांच के दायरे में है।