भाई से कहासुनी के बाद युवती ने गौला नदी में लगाई छलांग, लोगों की सतर्कता से बची जान
हल्द्वानी: हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में भाई से मामूली कहासुनी के बाद एक 20 वर्षीय युवती ने बुधवार रात चोरगलिया रोड स्थित गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से युवती को समय रहते नदी से बाहर निकाल लिया गया और तत्काल उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से किच्छा (जिला ऊधमसिंह नगर) निवासी एक परिवार हाल ही में बनभूलपुरा के इंदिरानगर छोटी रोड क्षेत्र में किराए के मकान में रहने आया था। बुधवार शाम युवती घर में खाना बना रही थी, तभी किसी बात को लेकर उसका अपने भाई से विवाद हो गया। परिजनों ने इसे सामान्य कहासुनी समझकर अधिक ध्यान नहीं दिया, लेकिन युवती गुस्से में घर से निकल गई।
बताया जा रहा है कि रात करीब आठ बजे युवती चोरगलिया रोड स्थित गौला पुल पर पहुंची और वहां से नदी में छलांग लगा दी। घटना को देख स्थानीय लोगों ने तुरंत शोर मचाया और बिना देर किए नदी में उतरकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलने पर बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई गगनदीप सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार भाई-बहन के बीच मामूली कहासुनी हुई थी, जिसके बाद युवती ने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

More Stories
देहरादून मर्डर मिस्ट्री: इंटरनेट पर हुई दोस्ती का खौफनाक अंत, हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
उत्तराखंड में बारिश का कहर: 99 सड़कें बंद, कई नदियां खतरे के निशान के करीब
नैनीताल से लौट रहे लखनऊ के छह पर्यटक हादसे का शिकार, 40 मीटर गहरी खाई में गिरी टवेरा, दो गंभीर घायल