नैनीताल से लौट रहे लखनऊ के छह पर्यटक हादसे का शिकार, 40 मीटर गहरी खाई में गिरी टवेरा, दो गंभीर घायल
नैनीताल: नैनीताल की वादियों से लौट रहे लखनऊ के छह पर्यटकों का सफर उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब उनकी टवेरा कार ज्योलीकोट के पास अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार गोमतीनगर, लखनऊ निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। गुरुवार सुबह सभी हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टवेरा (यूके-04 टीबी-3870) से काठगोदाम लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि ज्योलीकोट नंबर-1 से आगे वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे लगभग 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाला।
एएसआई सुनील कुमार के अनुसार, हादसे में चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया है। वहीं अन्य चार पर्यटकों को भी मामूली चोटें आई हैं।
इस हादसे ने नैनीताल की यादगार यात्रा को पर्यटकों के लिए एक भयावह अनुभव में बदल दिया।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने