बेटी के जन्मदिन की पार्टी में विवाद… कहासुनी के बाद युवक के सीने में चाकू घोंपा, मौत के बाद आरोपी फरार
उत्तराखंड के देहरादून जिले के सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर से देर रात एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। यहां बेटी के जन्मदिन के दौरान हुए विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक युवक की जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के रहने वाले जितेंद्र कुमार की बेटी का जन्मदिन था। इसी दौरान बिल्डिंग के पास रहने वाले 25 वर्षीय राजपाल और जितेंद्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने शराब पी रखी थी। विवाद बढ़ने पर जितेंद्र कुमार ने कथित तौर पर राजपाल के सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजपाल को पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से झाझरा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सेलाकुई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वारदात के बाद आरोपी जितेंद्र कुमार मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी शैंकी कुमार के मुताबिक, आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

More Stories
रुद्रप्रयाग-पोखरी मोटर मार्ग पर भीषण हादसा, कार-बाइक की टक्कर में विकास भवन के चालक की मौत
बिटकॉइन में मोटे मुनाफे का झांसा, 13.35 लाख की ठगी! वेबसाइट पर दिखाए 20 हजार डॉलर, निकासी के वक्त खुला राज देहरादून से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बिटकॉइन कारोबार में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक व्यक्ति से 13 लाख 35 हजार 323 रुपये की ठगी कर ली गई। मामला डालनवाला थाना क्षेत्र का है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्तिक अग्रवाल और आईएमटी मार्केट डॉट कॉम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के मुताबिक, जून 2026 में उनके मोबाइल पर कार्तिक अग्रवाल नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को बिटकॉइन कारोबार करने वाली कंपनी का कर्मचारी बताया और दावा किया कि 10 हजार डॉलर के निवेश पर रोजाना 300 से 500 डॉलर तक का मुनाफा कमाया जा सकता है। मुनाफे के इस लालच में पीड़ित ने अलग-अलग तारीखों में बैंक खातों के जरिए कुल 13 लाख 35 हजार 323 रुपये आईएमटी मार्केट डॉट कॉम से जुड़े खातों में जमा कर दिए। आरोप है कि भुगतान के बाद पीड़ित से रकम की रसीद या स्क्रीनशॉट वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा जाता था। इसके बाद जमा की गई रकम उसके ऑनलाइन ट्रेडिंग अकाउंट में दिखाई देने लगती थी। कुछ समय बाद वेबसाइट पर पीड़ित के खाते में करीब 20 हजार डॉलर की रकम दिखाई गई। लेकिन जब उन्होंने इस रकम को निकालने की कोशिश की, तो वेबसाइट ने निकासी की अनुमति नहीं दी। यहीं से पीड़ित को पूरे मामले पर शक हुआ और उन्हें कथित ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने कार्तिक अग्रवाल से बातचीत की और इस बातचीत की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है। अब डालनवाला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित ऑनलाइन निवेश के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और बैंक खातों के जरिए भेजी गई रकम आखिर कहां गई। साइबर ठगी के इस मामले ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि ऑनलाइन निवेश में असामान्य और रोजाना भारी मुनाफे का दावा करने वाले ऑफर पर भरोसा करने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल करना कितना जरूरी है।
अवैध संबंध बना हत्या की वजह! पति-पत्नी ने रची साजिश, बिजनौर के गोपाल कुमार की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा