Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, दिन में गर्मी और रात में बढ़ी ठंड!

उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, दिन में गर्मी और रात में बढ़ी ठंड!

उत्तराखंड में मानसूनी गतिविधियां अब धीमी पड़ने लगी हैं और इसका असर मौसम पर भी साफ दिखाई दे रहा है। प्रदेश में दिन के समय चटख धूप खिलने से गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते रातें सर्द होने लगी हैं।

आज सुबह से ही प्रदेशभर में मौसम साफ है और कई इलाकों में धूप खिली हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

पर्वतीय इलाकों में तापमान में गिरावट का असर और ज्यादा देखने को मिल रहा है। मैदानी क्षेत्रों की तुलना में पहाड़ों में तापमान कम होने और हवाएं चलने से ठंड का अहसास बढ़ गया है।

एक हफ्ते बाद विदा हो सकता है मानसून

आने वाले दिनों में 25 सितंबर तक प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार 25 से 30 सितंबर के बीच उत्तराखंड से मानसून की विदाई होने की संभावना है।