बदरीनाथ हाईवे पर टेंपो ट्रैवलर पलटा, महिला श्रद्धालु की मौत, 17 यात्री घायल
चमोली/उत्तराखंड: बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैनी के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के समय वाहन में चालक सहित कुल 18 लोग सवार थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
कोतवाल देवेंद्र रावत ने बताया कि हादसे में 17 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। मृतका की पहचान आरती (44 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम की यात्रा पर निकला था। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती यात्री संख्या के बीच यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की आवश्यकता को रेखांकित करता है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से पर्वतीय मार्गों पर सतर्कता बरतने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

More Stories
बदरीनाथ धाम में बिगड़ रही श्रद्धालुओं की सेहत, अब तक 7,050 यात्रियों को मिला उपचार, 40 की मौत
गंगा में समाई कार के लापता यात्रियों की तलाश जारी, घायल बालक आयुष्मान को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया
चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, बदरीनाथ-केदारनाथ में 19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन