हल्द्वानी में अमेजन स्टोर में भीषण आग, दो कर्मचारियों की जलकर मौत
उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। रामपुर रोड स्थित अमेजन के स्टोर में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा स्टोर उसकी चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार, जीतपुर नेगी क्षेत्र में स्थित अमेजन स्टोर में रात करीब 11:30 बजे अचानक आग लग गई। पास में मौजूद ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने आग की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची।
आग पर काबू पाने के लिए स्टोर का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई, लेकिन तब तक स्टोर पूरी तरह जल चुका था। तलाशी के दौरान अंदर दो कर्मचारियों के शव बरामद हुए।
मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों कर्मचारी घटना के समय स्टोर के अंदर सो रहे थे। आग और धुएं की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसटीएच भेज दिया है। वहीं, परिजनों को शिनाख्त के लिए बुलाया गया। पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

More Stories
बारिश से बदला उत्तराखंड का मौसम, तापमान में आई गिरावट, 11 जून तक राहत के आसार
महंगे फलों ने बिगाड़ा घर का बजट, बाजारों में ग्राहकी घटी
टेस्ट ड्राइव के बहाने ले उड़े कार, दंपती के खिलाफ मामला दर्ज