Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

फिर डराने लगी खीरगंगा! बढ़ते जलस्तर से सहमी हर्षिल घाटी, गंगोत्री हाईवे पर मंडराया खतरा

फिर डराने लगी खीरगंगा! बढ़ते जलस्तर से सहमी हर्षिल घाटी, गंगोत्री हाईवे पर मंडराया खतरा

 

उत्तराखंड की हर्षिल घाटी में शनिवार शाम एक बार फिर खीरगंगा नदी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। तेज बारिश के बाद नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे धराली क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

पानी के तेज बहाव के साथ आए मलबे और बड़े पत्थर गंगोत्री हाईवे के नारदानों में फंस गए। इससे हाईवे को नुकसान पहुंचने का खतरा पैदा हो गया। सूचना मिलते ही बीआरओ की टीम भारी मशीनरी के साथ मौके पर पहुंची और नारदानों में फंसा मलबा हटाकर नदी के जलप्रवाह को सुरक्षित दिशा में मोड़ दिया।

कुछ समय बाद नदी का जलस्तर घटने लगा और हालात सामान्य हुए, लेकिन लोगों के मन से डर अभी भी नहीं गया है।

दरअसल, पिछले साल अगस्त में इसी खीरगंगा ने धराली में भीषण तबाही मचाई थी। कई होटल, मकान और गंगोत्री हाईवे का हिस्सा बह गया था। उस आपदा के घाव आज भी स्थानीय लोगों के दिलों में ताजा हैं।

अब मानसून की शुरुआत के साथ पहले तेलगाड़ नदी और फिर खीरगंगा का उफान लोगों को पिछले साल की भयावह तस्वीरें याद दिला रहा है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है, जबकि स्थानीय लोग आने वाले दिनों की बारिश को लेकर चिंतित हैं।