Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

देहरादून में बरसाती बहाव का कहर! पानी में बही कार, दो की मौत, युवती घायल


🚨 देहरादून में बरसाती बहाव का कहर! पानी में बही कार, दो की मौत, युवती घायल

देहरादून: प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात तेज बरसाती बहाव के बीच एक कार अनियंत्रित होकर पानी में बह गई। हादसे के समय कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और अंधेरे व तेज बहाव के बीच रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया।

हादसा थाना प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास हुआ। कार के तेज बरसाती बहाव में बहने की सूचना मिलने के बाद डाकपत्थर से अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम घटनास्थल पर पहुंची।

मौके पर पहुंचते ही एसडीआरएफ जवानों ने सर्च अभियान शुरू कर दिया। कार में जयपुर, राजस्थान निवासी अक्षय (20) पुत्र मुकेश और दो युवतियां सवार थीं। तलाशी अभियान के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिली। एसडीआरएफ जवानों ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

सर्च ऑपरेशन के दौरान युवक और दूसरी युवती के शव भी बरामद किए गए। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटना की आगे की कार्रवाई में जुटी हैं।