तुंगनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पुलिस ने जारी की विशेष गाइडलाइन, दोपहर 12 बजे बाद चंद्रशिला ट्रैक बंद
रुद्रप्रयाग: तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में दर्शन के लिए इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। बढ़ती संख्या को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते हुए श्रद्धालुओं के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर परिसर में केवल निर्धारित पंक्तियों (लाइन) में लगकर ही दर्शन करें। साथ ही दर्शन के बाद अनावश्यक रूप से परिसर में भीड़ न लगाएं और सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो जाएं, ताकि अन्य श्रद्धालुओं को भी सुगमता से दर्शन का अवसर मिल सके।
इधर मौसम विभाग द्वारा क्षेत्र में भारी बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की गंभीर चेतावनी जारी की गई है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन चंद्रशिला ट्रैक को दोपहर 12 बजे के बाद पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोई भी श्रद्धालु या पर्यटक दोपहर 12 बजे के बाद चंद्रशिला ट्रैक पर जाने का प्रयास न करे। मौसम खराब होने की स्थिति में ट्रैक पर जाना जोखिम भरा हो सकता है और इससे जान-माल का नुकसान होने की आशंका बनी रहती है।
प्रशासन ने सभी तीर्थयात्रियों और पर्यटकों से मौसम की स्थिति को गंभीरता से लेने, पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा सुरक्षा नियमों का पूर्ण सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचना आवश्यक है।
पुलिस की अपील:
- मंदिर में लाइन में लगकर ही दर्शन करें।
- दर्शन के बाद परिसर में अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
- दोपहर 12 बजे के बाद चंद्रशिला ट्रैक पर न जाएं।
- मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें।
- किसी भी आपात स्थिति में पुलिस और प्रशासन से संपर्क करें।

More Stories
उत्तराखंड में जल्द दस्तक देगा मानसून, 22 जून तक पहुंचने की संभावना; गर्मी से मिलेगी राहत
अगस्त्यमुनि में दर्दनाक हादसा: नदी के तेज बहाव में बहा युवक, तलाश में जुटी एसडीआरएफ और पुलिस
नैनीताल में पर्यटकों की भीड़ से लगा लंबा जाम, यातायात व्यवस्था संभालने में जुटी पुलिस