नैनीताल में पर्यटकों की भीड़ से लगा लंबा जाम, यातायात व्यवस्था संभालने में जुटी पुलिस
नैनीताल: पर्यटन सीजन और सप्ताहांत के चलते शनिवार सुबह से ही नैनीताल की सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव देखने को मिला। शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
सुबह के समय स्थानीय निवासियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटक भी ट्रैफिक जाम में फंस गए। मल्लीताल, तल्लीताल, मॉलरोड और बारापत्थर मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने से यातायात रेंग-रेंग कर चलता रहा। कई स्थानों पर वाहन चालकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा, जबकि पैदल यात्रियों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर यातायात कर्मी लगातार व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे।
इस संबंध में एसपी डॉ. जगदीश चन्द्र ने बताया कि सप्ताहांत और पर्यटन सीजन के कारण नैनीताल में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को अस्थायी पार्किंग स्थलों पर रोका जा रहा है तथा शटल सेवा के माध्यम से पर्यटकों को नगर क्षेत्र तक पहुंचाया जा रहा है।
प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और यात्रा के दौरान धैर्य बनाए रखें, ताकि सभी के लिए यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने