Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

जेल की सलाखों के बीच भी कायम रहा भाई-बहन का प्यार, राखी बांधते ही छलक पड़ीं आंखें

जेल की सलाखों के बीच भी कायम रहा भाई-बहन का प्यार, राखी बांधते ही छलक पड़ीं आंखें

रक्षाबंधन पर्व पर जेल की सलाखों के पीछे भी भाई-बहन के प्रेम की भावुक तस्वीर देखने को मिली। शुक्रवार को जिला कारागार में बंद भाइयों से मिलने पहुंचीं बहनों ने उनकी कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।

लंबे समय बाद भाई-बहनों की आमने-सामने मुलाकात हुई तो कई भावुक पल भी देखने को मिले। राखी बांधते समय बहनों की आंखें नम हो गईं और जेल परिसर का माहौल भावुक नजर आया।

रक्षाबंधन को देखते हुए जेल प्रशासन की ओर से बंदियों की बहनों के लिए विशेष मुलाकात की व्यवस्था की गई थी। आम दिनों की तुलना में बहनों को मुलाकात के लिए अतिरिक्त समय दिया गया, ताकि वे अपने भाइयों के साथ कुछ पल सुकून से बिता सकें।

सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए जिला कारागार पहुंचीं। मुलाकात के दौरान बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके सुखद भविष्य की कामना की। वहीं, भाइयों ने भी बहनों को हर परिस्थिति में साथ देने का भरोसा दिलाया।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों के लिए विशेष मुलाकात का समय निर्धारित किया गया था। जेल प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, ताकि बहनों को किसी तरह की परेशानी न हो। पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के साथ मुलाकात की प्रक्रिया को भी व्यवस्थित रखा गया।