Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर! स्वारना नदी उफान पर, पुल का बेस क्षतिग्रस्त; 3 हजार लोगों की आवाजाही प्रभावित

🌧️ उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर! स्वारना नदी उफान पर, पुल का बेस क्षतिग्रस्त; 3 हजार लोगों की आवाजाही प्रभावित

उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच कई इलाकों में हालात बिगड़ गए हैं। हरिद्वार में बाजारों और सड़कों पर जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं देहरादून में टोंस नदी उफान पर है। सबसे ज्यादा असर सेलाकुई क्षेत्र में देखने को मिला, जहां पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बारिश के बाद स्वारना नदी तेज बहाव के साथ उफान पर आ गई।

स्वारना नदी के तेज बहाव से देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने पुल का बेस क्षतिग्रस्त हो गया। नदी का बहाव इतना तेज था कि एक व्यक्ति की बाइक भी पानी में बह गई।

वहीं रामपुर-चोई बस्ती की सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा भी नदी के तेज बहाव में बह गया। सड़क टूटने के बाद बस्ती की आवाजाही लगभग ठप हो गई है। बताया जा रहा है कि इससे क्षेत्र के 3 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों ने फिलहाल एक स्कूल की चारदीवारी तोड़कर आने-जाने के लिए वैकल्पिक रास्ता बनाया है।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शुक्रवार देर शाम से ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया था। रात करीब 11 से 12 बजे के बीच स्वारना नदी उफान पर आ गई और इसके तेज बहाव ने पुल व सड़क को नुकसान पहुंचाया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के करीब 12 घंटे बाद भी प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

उधर, हरिद्वार में बारिश के बाद कथरा बाजार और चौक बाजार समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों और बाजारों में पानी भरने से दुकानदारों और स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

वहीं देहरादून में रातभर हुई भारी बारिश के बाद टोंस नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ गया है। नदी तेज बहाव के साथ उफान पर है। प्रशासन ने लोगों से नदी और नालों के आसपास न जाने की अपील की है।