Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

Screenshot

उत्तराखंड में बारिश का कहर: यमुनोत्री हाईवे पर फंसे कांवड़िए, चमोली में कई सड़कें बंद

उत्तराखंड में बारिश का कहर: यमुनोत्री हाईवे पर फंसे कांवड़िए, चमोली में कई सड़कें बंद

 

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड के पास बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री फंस गए। हालांकि मार्ग खुलने के बाद श्रद्धालुओं को राहत मिली और वे अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए, लेकिन पाली गाड़ से जानकीचट्टी तक हालात अब भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं।

स्याना चट्टी, सिलाई बैंड और हनुमान चट्टी के पास रुक-रुक कर चट्टानी मलबा और पत्थर गिरने से सड़क बहाली का काम लगातार प्रभावित हो रहा है। निर्माण एजेंसी युद्धस्तर पर सड़क खोलने में जुटी है और मशीन ऑपरेटर जान जोखिम में डालकर मलबा हटाने का कार्य कर रहे हैं।

वहीं जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर राम मंदिर के पास एक सप्ताह बाद भी श्रद्धालु जोखिम उठाकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। दूसरी ओर, स्याना चट्टी से आगे बदहाल हाईवे पर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद ओवरलोड वाहनों की आवाजाही जारी है, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।

उधर चमोली जिले के देवाल क्षेत्र में सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने भी भारी तबाही मचाई। गमलीगाड़ में मलबा आने से देवाल-लोहाजंग स्टेट हाईवे बंद हो गया, जिससे करीब 12 हजार लोगों का संपर्क प्रभावित हुआ। मलबे में एक कार भी फंस गई।

इसके अलावा, सुयालकोट के पास देवाल-खेता मानमती मार्ग बंद होने से 12 गांवों का संपर्क कट गया है, जबकि हाटकल्याड़ी-सवाड़ पीएमजीएसवाई सड़क भी जैनबिष्ट के पास बंद है। लोक निर्माण विभाग ने सभी बंद मार्गों को खोलने के लिए जेसीबी और पोकलेन मशीनें तैनात कर दी हैं और जल्द यातायात बहाल करने का दावा किया है।

चर्चित खबरें