हिमालय में बदला भालुओं का ठिकाना! काले भालू के क्षेत्र में पहुंचा भूरा भालू, रिसर्च में बड़ा खुलासा
हिमालयी क्षेत्रों में वन्यजीवों के व्यवहार को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। भारतीय वन्यजीव संस्थान के अध्ययन के अनुसार, ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाला भूरा भालू अब नीचे उतरकर काले भालू के आवास क्षेत्र में भी रहने लगा है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भालू की तीन प्रमुख प्रजातियां पाई जाती हैं। तराई क्षेत्र में स्लोथ बियर, 1800 से 3000 मीटर की ऊंचाई पर काला भालू और 2800 से 4000 मीटर की ऊंचाई पर भूरा भालू रहता है। लेकिन अब अध्ययन में पाया गया है कि भूरा भालू अपने पारंपरिक क्षेत्र से नीचे आकर काले भालू के इलाके में भी नजर आ रहा है।
भारतीय वन्यजीव संस्थान के रिसर्च स्कॉलर अमरपाल सिंह के अनुसार, यह अध्ययन ग्रेट हिमालय और पीर पंजाल क्षेत्र में किया गया। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के बाद 3 अगस्त 2023 को शोध शुरू हुआ, जिसे जेडएसआई के सहयोग से पूरा किया गया।
शोध में यह भी सामने आया कि दोनों भालू प्रजातियां आपसी टकराव से बचने के लिए अपने व्यवहार में बदलाव कर रही हैं। जब भूरा भालू भोजन की तलाश में सक्रिय होता है, तब काला भालू बाहर निकलने से बचता है। दोनों बांज और शंकुधारी जंगलों का साझा उपयोग करते हैं, लेकिन अलग-अलग समय पर।
विशेषज्ञों के मुताबिक, प्री-विंटर के दौरान भूरा भालू फिर से ऊंचाई वाले अपने पारंपरिक आवास में लौट जाता है और अप्रैल-मई में दोबारा काले भालू के क्षेत्र में पहुंच जाता है। यह बदलाव हिमालयी पारिस्थितिकी और वन्यजीवों के बदलते व्यवहार का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने