Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 में हासिल किया रनर-अप का खिताब

उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 में हासिल किया रनर-अप का खिताब

उत्तराखंड की बेटी अनुभा वशिष्ठ ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में रनर-अप का खिताब हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। 23 अगस्त 2026 को जयपुर स्थित ज़ी स्टूडियो में आयोजित ग्रैंड फिनाले में देशभर से आईं 51 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। करीब 40 दिनों तक चले इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों और चुनौतियों में अनुभा ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, संवाद कौशल और शानदार मंचीय प्रस्तुति से खास पहचान बनाई।

पूरे प्रतियोगिता सफर के दौरान अनुभा ने अपनी खूबसूरती और स्टेज प्रेजेंस के साथ-साथ अपनी सोच, आत्मविश्वास और प्रभावशाली व्यक्तित्व से भी निर्णायकों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहाड़ी जड़ों और उत्तराखंड की पहचान को गर्व के साथ प्रस्तुत किया।

अनुभा के लिए यह उपलब्धि उनके पेजेंट करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 में रनर-अप बनना उनके लिए बेहद गर्व और भावुकता का क्षण है। उनके मुताबिक, 40 दिनों का यह सफर सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खुद को बेहतर तरीके से जानने और अपनी क्षमताओं को पहचानने की यात्रा भी रहा। उन्होंने इस सफर में साथ देने और उन पर विश्वास रखने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

पिता को दिया सफलता का श्रेय

अनुभा वशिष्ठ ने अपनी सफलता के लिए अपने पिता के प्रति विशेष कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने समाज की संकीर्ण मानसिकताओं की परवाह किए बिना हमेशा उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जीत के दबाव के बजाय हमेशा अपना शत-प्रतिशत देने की सीख दी।

अनुभा ने भावुक अंदाज में कहा कि उनके पिता के लिए वह बचपन से ही मिस यूनिवर्स हैं, क्योंकि वह उनकी प्यारी बेटी हैं। इसी विश्वास के साथ वह प्रतियोगिता में उतरीं और राष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड का नाम रोशन करने में सफल रहीं।