Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

अभिनव देशवाल और अंकिता ध्यानी को मिलेगा देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार

अभिनव देशवाल और अंकिता ध्यानी को मिलेगा देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार

देवभूमि उत्तराखंड के दो होनहार खिलाड़ियों अभिनव देशवाल और अंकिता ध्यानी को प्रतिष्ठित देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। युवा निशानेबाज अभिनव देशवाल को वर्ष 2025 और लंबी व मध्यम दूरी की भारतीय धावक अंकिता ध्यानी को वर्ष 2024-25 के लिए यह सम्मान दिया जाएगा।

खेल विभाग की ओर से राज्य के विभिन्न खेल पुरस्कारों की घोषणा की गई है। 29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर चयनित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मॉडर्न पेंटाथलॉन खिलाड़ी ममता खाती निवासी बागेश्वर, सक्षम प्रताप सिंह निवासी काशीपुर, ऊधमसिंह नगर, पैरा निशानेबाज शौर्य सैनी निवासी रुड़की, हरिद्वार और बॉक्सर खुशी चंद्र निवासी पिथौरागढ़ को वर्ष 2025-26 के लिए हिमालय रत्न खेल पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

वहीं, रोइंग कोच मुकेश शर्मा, निवासी धर्मावाला, देहरादून को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। जबकि हल्द्वानी, नैनीताल निवासी मुकेश चंद्र बेलवाल को बॉक्सिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया जाएगा।

इसके अलावा, वर्ष 2024-25 के लिए भारतीय धावक अंकिता ध्यानी, निवासी पौड़ी गढ़वाल, को भी देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना गया है। वहीं एथलेटिक्स कोच लोकेश कुमार को भी इसी श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा।

राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर होने वाला यह सम्मान समारोह उत्तराखंड के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ-साथ प्रदेश के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।