उत्तरकाशी में सेवा संकल्प कार्यक्रम के बाहर हंगामा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प
उत्तरकाशी जनपद मुख्यालय के राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज में चल रहे सेवा संकल्प कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हंगामा हो गया, जब प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा से सवाल पूछने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पुलिस ने गेट पर ही रोक दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ता जनपद में स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा और जिला योजना में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रभारी मंत्री से जवाब मांगने पहुंचे थे। लेकिन पुलिस ने उन्हें कार्यक्रम स्थल के अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद गेट पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई।
झड़प के दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कपड़े फटने की बात सामने आई है। मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत ने आरोप लगाया कि प्रभारी मंत्री जिला योजना के आवंटन को ठेकेदारी प्रथा रोकने से जोड़कर बता रहे हैं, लेकिन कांग्रेस का आरोप है कि योजना में कथित तौर पर कमीशनखोरी और अनियमितताओं को बढ़ावा दिया गया।
वहीं, पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष राणा ने जिले की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी है, स्कूल बंद हो रहे हैं और सड़कों की बदहाल स्थिति से आम लोग परेशान हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आईटीआई और पॉलिटेक्निक भवनों का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कई भवनों का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है।
कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब आम जनता सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है, तो दूसरी तरफ सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
हंगामे के बाद पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हिरासत में लिया और सभी को कोतवाली ले जाया गया।
अब इस पूरे घटनाक्रम के बाद उत्तरकाशी में सेवा संकल्प कार्यक्रम और जिला योजना को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

More Stories
केदारनाथ में बिगड़ी दो यात्रियों की तबीयत, हेली एंबुलेंस से भेजा गया एम्स ऋषिकेश
मुनि की रेती में गंगा की लहरों पर लौटा रोमांच, नए राफ्टिंग सीजन का शुभारंभ
कर्णप्रयाग-नैनीताल हाईवे पर बड़ा भूस्खलन, सड़क पर मलबा-बोल्डर गिरने से यातायात ठप