उत्तरकाशी में मामूली कहासुनी बनी खूनी विवाद, भतीजे पर चाचा की हत्या का आरोप
उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक की फतेपर्वत पट्टी के बरी गांव में सोमवार को कहासुनी के बाद हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि भतीजे ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपने चाचा की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बरी गांव निवासी करम चंद उर्फ गांधी की सोमवार सुबह किसी बात को लेकर अपने भतीजे सुमन चंद्र उर्फ सुबेन से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर सुमन ने कथित तौर पर चाचा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में करम चंद की गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही मोरी थाने के थानाध्यक्ष दीपक रावत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस उपाधीक्षक चंचल शर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

More Stories
भारत-नेपाल सीमा पर नए मोटर पुल का बोर्ड बना विवाद की वजह, भारतीय गांव के नाम पर नेपाल में आपत्ति
देहरादून में बैंककर्मी को बीच सड़क गोली मारने से हड़कंप, बाइक सवार बदमाश फरार
चारधाम यात्रा के दूसरे चरण की तैयारी तेज, VIP संस्कृति खत्म कर सुगम दर्शन पर जोर