Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

उत्तराखंड में लंपी त्वचा रोग की दस्तक, 21 सैंपल पॉजिटिव मिलने से पशुपालन विभाग अलर्ट

उत्तराखंड में लंपी त्वचा रोग की दस्तक, 21 सैंपल पॉजिटिव मिलने से पशुपालन विभाग अलर्ट

उत्तराखंड में लंपी त्वचा रोग ने दस्तक दे दी है, जिसके बाद पशुपालन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। राज्य के कई जिलों में मवेशियों में लंपी के संदिग्ध मामले सामने आए हैं। जांच के लिए भेजे गए नमूनों में से अब तक 21 नमूनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, नैनीताल जिले में लंपी संक्रमण के चलते एक बछड़े की मौत भी हो चुकी है।

पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. उदय शंकर के मुताबिक, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग और टिहरी जिलों में अब तक कुल 635 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। इनमें से 269 मवेशियों के नमूने जांच के लिए बरेली भेजे गए थे।

विभाग को अब तक 55 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें 21 नमूने पॉजिटिव पाए गए हैं, जबकि बाकी नमूनों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए पशुपालन विभाग ने सभी संबंधित जिलों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

विभाग की ओर से मवेशियों के टीकाकरण और साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही, संदिग्ध पशुओं को स्वस्थ मवेशियों से अलग रखने की सलाह दी गई है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

डॉ. उदय शंकर ने बताया कि फिलहाल रोजाना करीब पांच से छह हजार मवेशियों का टीकाकरण किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि सामने आए संदिग्ध मामलों में से 427 मवेशी उपचार के बाद ठीक भी हो चुके हैं। विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और टीकाकरण अभियान तेज किया गया है।