Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

भारी बारिश का रेल यातायात पर असर: कई ट्रेनें रद्द, कई के बदले रूट और बदला समय

 

भारी बारिश का रेल यातायात पर असर: कई ट्रेनें रद्द, कई के बदले रूट और बदला समय

देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव का असर रेलवे संचालन पर भी दिखाई दे रहा है। पश्चिम रेलवे और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई को बदले हुए मार्ग से चलाया जा रहा है।

पश्चिम रेलवे के गवड-उभराट रेलखंड पर रेल पुल संख्या 203 के पास जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के कारण एहतियातन ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया। इसके चलते 19019 बांद्रा टर्मिनस–हरिद्वार एक्सप्रेस शुक्रवार को रद्द रही, जबकि 19020 हरिद्वार–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस का संचालन शनिवार को निरस्त कर दिया गया।

उधर, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के सिमालगुड़ी यार्ड के पास नदी का जलस्तर बढ़ने से रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया। इसके चलते 15934 अमृतसर–न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। वहीं 15910 लालगढ़–डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस और 15904 चंडीगढ़–डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जा रहा है।

इधर, रेलवे ने हरिद्वार–अंब अंदौरा मेमू (64511) की समय-सारिणी में भी आंशिक बदलाव किया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के अनुसार ट्रेन का हरिद्वार से प्रस्थान (सुबह 4:40 बजे) और अंब अंदौरा पहुंचने का समय पहले जैसा ही रहेगा, लेकिन बीच के कई स्टेशनों पर आगमन और प्रस्थान का समय संशोधित किया गया है।

संशोधित समय इस प्रकार है:

  • रूपनगर: आगमन 10:38 बजे, प्रस्थान 10:45 बजे
  • घनौली: 11:20 / 11:21 बजे
  • भरतगढ़: 11:29 / 11:30 बजे
  • करतौली: 11:38 / 11:39 बजे
  • आनंदपुर साहिब: 11:48 / 11:50 बजे
  • नंगल डैम: 12:08 / 12:10 बजे
  • रामेहतपुर: 12:21 / 12:22 बजे
  • ऊना हिमाचल: आगमन 12:32 बजे, प्रस्थान 12:35 बजे

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की ताज़ा स्थिति और समय-सारिणी की जानकारी अवश्य लेने की अपील की है।