भारी बारिश का असर: चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा दो दिन के लिए स्थगित
देहरादून: उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा दो दिनों के लिए स्थगित कर दी है। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बाद यह निर्णय लिया गया है। मौसम सामान्य रहने पर 30 जुलाई से यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, मंगलवार सुबह सोनप्रयाग से लगभग 1,600 श्रद्धालुओं को केदारनाथ धाम के लिए रवाना किया गया था। इसके बाद मंडलायुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप के निर्देश पर यात्रा रोक दी गई। साथ ही बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब की यात्रा भी अगले दो दिनों के लिए स्थगित कर दी गई है।
इस बीच जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर राम मंदिर के पास नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 25 से 30 मीटर मार्ग दो से ढाई मीटर तक धंस गया है। सुरक्षा के लिहाज से इस हिस्से से यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।
वहीं पालीगाड़, सिलाई बैण्ड, झझर गाड़, जंगलचट्टी, दुर्बिल और बढ़िया क्षेत्रों में मलबा और पत्थर गिरने से कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन लगातार मार्गों की निगरानी और बहाली के कार्य में जुटा है।
मंडलायुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताज़ा जानकारी अवश्य लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मौसम सामान्य होने पर 30 जुलाई से यात्रा पुनः शुरू की जाएगी।

More Stories
ऑरेंज अलर्ट के बीच रुद्रप्रयाग में स्कूल बंद, यमुनोत्री हाईवे पर मलबा गिरने से आवाजाही बाधित
भारी बारिश से केदारनाथ यात्रा मार्ग बाधित, अलकनंदा-मंदाकिनी खतरे के निशान के करीब
बारिश से जोशीमठ के किमाना गांव में तबाही, मलबा और पानी घरों तक पहुंचा