Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

बदरीनाथ धाम: हेलिकॉप्टर कंपनियों पर मंदिर समिति के ₹40 लाख बकाया, भेजा जाएगा रिमाइंडर

बदरीनाथ धाम: हेलिकॉप्टर कंपनियों पर मंदिर समिति के ₹40 लाख बकाया, भेजा जाएगा रिमाइंडर

देहरादून/बदरीनाथ: बदरीनाथ धाम में हेलिकॉप्टर के माध्यम से पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों के वीआईपी दर्शन शुल्क का करीब ₹40 लाख पिछले तीन वर्षों से बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को प्राप्त नहीं हुआ है। यह बकाया राशि वर्ष 2023 से 2025 के बीच की है। हालांकि, वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा के दौरान देय सभी भुगतान हेलिकॉप्टर कंपनियों ने समय पर जमा कर दिए हैं।

बदरीनाथ धाम के लिए देहरादून और केदारनाथ से हेलिकॉप्टर सेवाएं संचालित की जाती हैं। हेलिकॉप्टर से पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को वीआईपी श्रेणी में शामिल किया जाता है और शीघ्र दर्शन की सुविधा के लिए प्रति यात्री ₹2,100 शुल्क लिया जाता है। इस वर्ष हेलिकॉप्टर सेवा से पहुंचे श्रद्धालुओं के माध्यम से बीकेटीसी को ₹3 करोड़ 53 लाख 70 हजार की आय प्राप्त हुई है।

मंदिर समिति के अनुसार, वर्ष 2023 से 2025 के दौरान हेलिकॉप्टर कंपनियों द्वारा जमा की जाने वाली करीब ₹40 लाख की राशि अब भी लंबित है। इस संबंध में कंपनियों को पहले भी भुगतान के लिए पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक पूरा बकाया जमा नहीं हुआ है।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि लंबित भुगतान वसूलने के लिए हेलिकॉप्टर कंपनियों को एक बार फिर रिमाइंडर भेजा जाएगा, ताकि जल्द से जल्द बकाया राशि मंदिर समिति के खाते में जमा कराई जा सके।