Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

Screenshot

बारिश बनी काल: नाली के पाइप में फंसा 6 वर्षीय मासूम, दर्दनाक मौत के बाद फूटा लोगों का गुस्सा

बारिश बनी काल: नाली के पाइप में फंसा 6 वर्षीय मासूम, दर्दनाक मौत के बाद फूटा लोगों का गुस्सा

उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। बारिश के दौरान घर के बाहर खेल रहे 6 वर्षीय मासूम की नाली के पाइप में फंसने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के नवाबगढ़ स्थित खादर बस्ती में शनिवार को 6 वर्षीय अरमान घर के पास सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान तेज बारिश के कारण नाली में पानी का बहाव बढ़ गया और मासूम नाली के 10 इंच चौड़े पाइप में फंस गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की मदद से करीब आधे घंटे तक राहत कार्य चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद पाइप तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि नई सड़क का ढाल अत्यधिक होने के कारण बारिश का पानी तेज रफ्तार से नाली में बहा, जिससे यह हादसा हुआ।

स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच, निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।