Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

पाताल भुवनेश्वर घूमने आई हरियाणा की नाबालिग किशोरी से टैक्सी चालक ने किया दुष्कर्म का प्रयास

नैनीताल से पाताल भुवनेश्वर घूमने आई हरियाणा की नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। उसे घुमाने लाए टैक्सी चालक ने ही उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। किशोरी चलती टैक्सी से कूदकर चालक के चंगुल से बची तो किसी तरह कोतवाली पहुंची और आपबीती बताई। पुलिस ने आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार को हरियाणा निवासी 16 साल की नाबालिग किशोरी ने नैनीताल से टैक्सी बुक की और चालक लमगड़ा निवासी नंदन सिंह को काठगोदाम ले चलने के लिए कहा। वहां जाकर किशोरी ने चालक से कहा कि पहाड़ में कहीं घूमने की जगह ले चलो। इस पर चालक ने उसे पाताल भुवनेश्वर ले जाने की बात कही।

पिथौरागढ़ जिले में गंगोलीहाट के पाताल भुवनेश्वर पहुंचते-पहुंचते रात करीब 11 बज गए। इसी बीच गुप्तड़ी के पास रात गहराने का फायदा उठाते हुए चालक ने किशोरी के साथ छेड़खानी शुरू कर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। चालक के चंगुल से बचने के लिए किशोरी ने दरवाजा खोलकर चलती टैक्सी से कूद मार दी। संयोग से वहां से गुजर रहे एक अन्य वाहन को देखकर लड़की मदद के लिए चिल्लाई। संबंधित वाहन चालक और उसमें सवार लोगों ने मामले की जानकारी ली तो पीड़िता ने आपबीती बताई। वाहन में सवार जागरूक लोग दोनों को कोतवाली ले गए।

कोतवाल कैलाश चंद्र जोशी ने बताया कि किशोरी की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा, 74, 75, 62, 351 (3) व 11/12 पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।