बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: पूर्व मंदिर अधिकारी गिरफ्तार, CCTV में कैद हुई करतूत
उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की धनराशि और दान सामग्री की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंदिर अधिकारी और तत्कालीन थाली भेंट गणना प्रभारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेजी और मौखिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने राजेंद्र चौहान से करीब चार घंटे तक गहन पूछताछ की। इससे पहले इसी मामले में 12 जुलाई को बीकेटीसी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को भी गिरफ्तार किया गया था, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि राजेंद्र चौहान और प्रमोद नौटियाल ने मिलकर चढ़ावे की चोरी की साजिश रची। 22, 25 और 29 जून की सीसीटीवी फुटेज में राजेंद्र चौहान कथित तौर पर 500 रुपये के नोटों की गड्डियां, दान सामग्री और आभूषण अपनी जेब में रखते हुए दिखाई दिया है। आरोपी 30 जून को सेवानिवृत्त हुआ था।
जांच एजेंसियां अब इस मामले में शामिल एक अन्य संदिग्ध की भी तलाश कर रही हैं, जिसकी गिरफ्तारी जल्द हो सकती है। वहीं, 22 जून की फुटेज में भी कुछ अन्य लोगों की गतिविधियां संदिग्ध मिली हैं, जिनकी भूमिका की जांच जारी है।
पुलिस ने महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित करते हुए मंदिर के सीसीटीवी सिस्टम की डीवीआर को कब्जे में लेकर सील कर दिया है। इसकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी और रिकॉर्डिंग को अदालत में साक्ष्य के तौर पर पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित तरीके से आगे बढ़ रही है तथा मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
रामनगर–देहरादून के बीच पहली एक्सप्रेस ट्रेन शुरू, चारधाम और कॉर्बेट जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत
कांवड़ यात्रा 2026: यात्रियों के लिए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे रहेगा बंद, राज्यों को सख्त तैयारी के निर्देश
देहरादून में छात्रों से बोले राहुल गांधी: “देश में पेपर लीक का पूरा मेन्यू कार्ड तैयार, मेहनत नहीं पैसे से मिल रही नौकरी”