उत्तराखंड में मौसम का रेड अलर्ट: 20 जुलाई को अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी, प्रशासन हाई अलर्ट पर
उत्तराखंड में लगातार बिगड़ते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। आज राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 20 जुलाई को रेड अलर्ट और 21 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में मूसलाधार बारिश, जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर में तेज बढ़ोतरी की आशंका है।
संभावित खतरे को देखते हुए जिलाधिकारियों ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनें, राहत एवं बचाव दल, आवश्यक उपकरण और अन्य संसाधनों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि किसी भी आपदा या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को दी जाए। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए हालात पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं आम लोगों से अपील की गई है कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें, खराब मौसम के दौरान नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। इससे किसी भी संभावित आपदा के दौरान जन-धन के नुकसान को कम किया जा सकेगा।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने