देहरादून में बारिश का कहर! बिस्मिल्लाह चौक में 2 दुकान और 1 मकान ढहा
राजधानी देहरादून में देर रात हुई तेज बारिश के बाद बड़ा हादसा सामने आया है। बंजारावाला चांचक चौक के समीप मुस्लिम बस्ती करगी ग्रांट के बिस्मिल्लाह चौक में दो दुकानें और एक मकान अचानक ढह गए। मकान और दुकानों के ढहने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने आनन-फानन में अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
वहीं, उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक, बिजली चमकने और तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने