Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

Screenshot

देहरादून-मसूरी मार्ग पर गहरी खाई में मिला व्यापारी का शव, सड़क किनारे खड़ी मिली कार

देहरादून-मसूरी मार्ग पर गहरी खाई में मिला व्यापारी का शव, सड़क किनारे खड़ी मिली कार

देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव मिला। शव नदी के समीप पड़ा हुआ था, जबकि सड़क किनारे एक कार भी खड़ी मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला।

एसएसआई सतेंद्र भाटी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली थी कि पानीवाला बैंड के पास सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के नजदीक एक कार खड़ी है और नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। इसके बाद कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली, पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में की है। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे।

परिजनों के अनुसार, अजय मंगलवार सुबह करीब 7 बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। अजय देहरादून में व्यापारी थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर वह गहरी खाई में कैसे पहुंचे।