उत्तराखंड के 12 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग के हाइड्रोमेट डिवीजन स्थित फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने प्रदेश के लिए फ्लैश फ्लड रिस्क बुलेटिन जारी किया है। बुलेटिन के अनुसार 11 अगस्त की शाम 5:30 बजे तक प्रदेश के 12 जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में कम से मध्यम स्तर की आकस्मिक बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल के कुछ क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड का जोखिम हो सकता है।
बारिश के कारण निचले इलाकों में सतही जल बहाव बढ़ने के साथ जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। वहीं, नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मौसम विभाग और अन्य तकनीकी संस्थानों से प्राप्त पूर्व चेतावनियों के आधार पर राज्य का आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
उन्होंने कहा कि संभावित फ्लैश फ्लड, जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों में अचानक बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए संबंधित एजेंसियों को तैयार रखा गया है।

More Stories
देहरादून में हाथी का तांडव, महिला पर किया हमला; कई पसलियां टूटीं, ICU में भर्ती
नीती घाटी के तमक नाले में बहे कर्मचारी का दूसरे दिन भी सुराग नहीं, मलबे में दबे BRO के वाहन
नैनीताल जा रही कार 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, चार घायल; बड़ा हादसा टला